16 अप्रैल 2015 - 19:25
 सऊदी अरब की राजधानी रियाज़ में झड़पें

सऊदी अरब की राजधानी रियाज़ में बुधवार और मंगलवार को सुरक्षा बलों और सशस्त्र गुटों के मध्य झड़पें हुई हैं जिसके कारण पूरे सऊदी अरब में सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है।

अबनाः सऊदी अरब की राजधानी रियाज़ में बुधवार और मंगलवार को सुरक्षा बलों और सशस्त्र गुटों के मध्य झड़पें हुई हैं जिसके कारण पूरे सऊदी अरब में सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है। बुधवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाज़ के अन्नज़ीम क्षेत्र में सुरक्षा बलों और सशस्त्र आक्रमणकारियों के मध्य भीषण झड़पे हुईं जिसके बाद अन्नज़ीम में तनाव गुरुवार को भी जारी रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इन झड़पों में सऊदी पुलिस के कई सदस्य हताहत और घायल हुए हैं । सऊदी सुरक्षा बलों ने बुधवार की सुबह से ही रियाज़ के अन्नज़ीम क्षेत्र की घेराबंदी कर दी थी और न किसी को इस क्षेत्र में जाने दे रहे थे और न ही किसी को इस क्षेत्र से निकलने दे रहे थे।  
प्राप्त समाचारों के अनुसार सशस्त्र लोग, झड़प के बाद भागने में सफल रहे किंतु उनके भागने के बाद सऊदी सुरक्षाकर्मियों ने घर घर की तलाशी ली।
गुरुवार की प्रातः, बुधवार की झड़प में घायल होने वाले एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गयी।  
घटना देखने वाले कुछ लोगों ने बताया है कि रियाज़ के अन्नज़ीम इलाके में भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया और सुरक्षाकर्मियों को आशा है कि अब भी झड़प हो सकती है।